नमन दीप पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना कर्मा पर्व
चौपारण (हजारीबाग) : प्रखंड के दनुआं स्थित नमन दीप पब्लिक स्कूल में सोमवार को आदिवासी संस्कृति और भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक कर्मा पर्व पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में करम डाल स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कर्मा पर्व के अवसर पर विद्यालय परिसर में पारंपरिक गीत-संगीत का भी आयोजन हुआ। मांदर और ढोल की थाप पर छात्र-छात्राओं ने झूमर नृत्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा और लोक संस्कृति के माध्यम से कर्मा पर्व की महत्ता को प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक सतीश केसरी ने कहा कि कर्मा पर्व भाई-बहन के प्रेम और आपसी रिश्ते को मजबूत करने के साथ-साथ प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपरा और लोक विरासत से जोड़ना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नमन दीप पब्लिक स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में सांस्कृतिक एवं सामाजिक मूल्यों का विकास करने पर भी विशेष जोर दिया जाता है। कर्मा पर्व का आयोजन इसी उद्देश्य की एक कड़ी है, जिससे बच्चों को अपनी समृद्ध लोक परंपराओं को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक रंजन रजक, उमेश कुमार, महेश ठाकुर, अमित केसरी, मोनिका कुमारी, अंजलि कुमारी और निशा कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.