30 सितंबर को झारखंड बंद के आह्वान को लेकर हजारीबाग में प्रेस वार्ता, पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने बताईं प्रमुख मांगें
हजारीबाग : 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित झारखंड बंद को सफल बनाने के आह्वान को लेकर सोमवार को हजारीबाग परिसदन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में झारखंड किसान सभा एवं झारखंड विस्थापित संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष सह हजारीबाग के पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने बंद के उद्देश्यों और विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़ी मांगों की जानकारी दी।पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान,जल जंगल जमीन की सुरक्षा, विस्थापितों के पुनर्वास, किसानों के अधिकार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और झारखंडी भाषा संस्कृति जैसे मुद्दों को लेकर 30 सितंबर को झारखंड बंद का आह्वान किया गया है। उन्होंने आंदोलनकारियों, किसानों, मजदूरों, आदिवासियों, विद्यार्थियों और आम जनता से बंद को सफल बनाने की अपील की।
आंदोलनकारियों को राजनीतिक मान-सम्मान एवं अलग पहचान देने, उनके परिवारों के लिए रोजगार की व्यवस्था करने तथा सम्मानजनक पेंशन उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण और संबंधित आयोग के पुनर्गठन की मांग भी उठाई।
प्रेस वार्ता में लैंड बैंक रद्द करने, जल-जंगल-जमीन की लूट रोकने तथा गैरमजरुआ जमीन के रैयती अधिकारों को मान्यता देने की मांग रखी गई। अधिग्रहित जमीन का उचित मुआवजा, विस्थापित परिवारों का पुनर्वास और रोजगार की गारंटी देने की मांग भी उठाई गई।एनटीपीसी द्वारा अधिग्रहित बादम, केरेडारी, चट्टी बरियातू और पकरी बरवाडीह क्षेत्र की जमीनों से जुड़े मामलों में नए सिरे से अधिग्रहण की प्रक्रिया रोकने की मांग भी की गई।
पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने किसानों को ₹10,000 मासिक पेंशन देने, कृषि ऋण माफ करने तथा उचित मूल्य पर खाद और बीज उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने कृषि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर जोर दिया।
झारखंड के युवाओं और युवतियों के लिए रोजगार आधारित उद्योग-धंधे स्थापित करने की मांग की गई। उन्होंने मजदूरों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के पलायन को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
30 सितंबर को झारखंड बंद सफल बनाने की अपील
पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि विभिन्न जनसमस्याओं और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर सामूहिक संघर्ष को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने 30 सितंबर 2026 के झारखंड बंद को सफल बनाने के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की।
प्रेस वार्ता में ये लोग रहे उपस्थित
प्रेस वार्ता में झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता, केंद्रीय सचिव मोहम्मद अजीम अंसारी, खतियानी परिवार के केंद्रीय महासचिव मोहम्मद हकीम, निजाम अंसारी, लोकनाथ महतो, सीपीएम के जिला सचिव गणेश कुमार सीटू, रोहित मेहता, मुख्तार अंसारी, शंभू कुमार, अधिवक्ता अनंत कुमार आर्या, महेंद्र राम, अशोक मेहता, विजय कुमार कुशवाहा, शौकत अनवर राजू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.