झारखंड आंदोलनकारियों की बैठक में 30 सितंबर के झारखंड बंद की तैयारियों पर चर्चा
विष्णुगढ़, झारखंड : आंदोलनकारियों को मान-सम्मान एवं पेंशन दिलाने की मांग को लेकर 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित झारखंड बंद की तैयारियों के संबंध में शनिवार को विष्णुगढ़ स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड कार्यालय में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के झारखंड आंदोलनकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा के मुख्य संयोजक एवं झारखंड आंदोलनकारी महमूद आलम ने की, जबकि संचालन डॉ. कलीम अंसारी (गिरिडीह) ने किया।
बैठक में झारखंड आंदोलनकारियों को मान-सम्मान एवं पेंशन प्रदान करने की मांग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी 30 सितंबर को प्रस्तावित झारखंड बंद को लेकर तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदमों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपस्थित आंदोलनकारियों ने झारखंड आंदोलन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अपने विचार और सुझाव रखे। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड राज्य के गठन में आंदोलनकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में आंदोलनकारियों को उचित सम्मान एवं पेंशन सहित उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
इस दौरान आगामी बंद को लेकर आपसी समन्वय के साथ तैयारियां करने पर भी चर्चा हुई। आंदोलनकारियों ने कहा कि मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।
बैठक में मो. असलम अंसारी, मो. इजराइल अंसारी, इबरार अंसारी, दिलेर आज़ाद, सुनील कुमार सिंह, विश्वेश्वर प्रसाद, देवनाथ महतो, सोबरन महतो, हेमलाल साव, नुनू गोपाल, नागेंद्र प्रसाद एवं द्वारिका महतो सहित उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के अन्य झारखंड आंदोलनकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में आगामी कार्यक्रमों को लेकर आंदोलनकारियों ने आपसी विचार-विमर्श करते हुए एकजुट होकर तैयारियों में जुटने की बात कही।

No Previous Comments found.