बरही में दुर्गापूजा ,दीपावली और छठ से पहले गंदगी का अंबार, बदबू से लोग परेशान; नगर पंचायत की मांग तेज
बरही : आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और महापर्व छठ को लेकर जहां बरही में तैयारियां तेज होनी चाहिए, वहीं दूसरी ओर शहर के विभिन्न हिस्सों में पसरी गंदगी लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। बरही चौक से लेकर गया रोड, धनबाद रोड, तिलैया रोड और हजारीबाग रोड मार्ग के आसपास जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है। स्थानीय लोगों में इसे लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
दुर्गापूजा के दौरान बरही नदी से जल लेकर विभिन्न पूजा समितियों द्वारा कलश यात्रा निकाली जाती है। बताया जाता है कि इन यात्राओं का मार्ग हजारीबाग रोड से होकर गुजरता है, लेकिन इसी मार्ग के किनारे जगह-जगह फैली गंदगी श्रद्धालुओं के सामने सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रही है।
चौक के चारों ओर कचरा, दुर्गंध से राहगीर परेशान
बरही चौक के आसपास डिवाइडर के समीप तथा बाजार क्षेत्र में प्लास्टिक, सड़े-गले कचरे और अन्य अपशिष्ट का ढेर देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फुटकर दुकानदारों, ठेला संचालकों, मछली विक्रेताओं और आसपास की दुकानों से निकलने वाला कचरा अक्सर सड़क किनारे फेंक दिया जाता है। इससे स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।
लोगों के अनुसार बरही चौक के आसपास कई स्थानों पर इतनी दुर्गंध रहती है कि राहगीरों और यात्रियों को वहां से गुजरने में परेशानी होती है। आगामी पर्वों के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
टैक्स वसूली के बावजूद सुविधाओं का सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरही से रोड टैक्स, टोल टैक्स और बस स्टैंड टैक्स सहित विभिन्न माध्यमों से शुल्क की वसूली होती है, लेकिन इसके अनुरूप स्वच्छता और मूलभूत नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था नजर नहीं आती। लोगों का सवाल है कि जब विभिन्न मदों में शुल्क लिया जाता है तो बरही की साफ-सफाई और यात्रियों की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्था कब होगी?
पूर्व में खराब सड़क और अन्य समस्याओं को लेकर स्थानीय स्तर पर टोल टैक्स बंद करने की मांग भी उठ चुकी है। अब लगातार बिगड़ती सफाई व्यवस्था के बीच बरही को नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग भी जोर पकड़ने लगी है।
एनएचएआई और जनप्रतिनिधियों से लोगों के सवाल
स्थानीय लोगों ने एनएचएआई, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से बरही की सफाई व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्वों से पहले प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों और पूजा मार्गों की विशेष सफाई कराई जाए तथा कचरा फेंकने की समस्या पर स्थायी समाधान निकाला जाए।
अब सवाल यह है कि बरही की सफाई व्यवस्था कब सुधरेगी और नगर पंचायत की मांग पर कब तक ठोस पहल होगी? आगामी पर्वों से पहले यदि सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो इसका सीधा असर श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को झेलना पड़ सकता है।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.