बरही के विकास को लेकर सांसद मनीष जायसवाल से मिले प्रतिनिधिमंडल, बाईपास और मुंबई ट्रेन ठहराव की उठी मांग
बरही : बरही विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर बरही विधानसभा के सांसद प्रतिनिधि रणजीत चंदवानी, जिला परिषद प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता एवं कृपाल राणा ने हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल से मुलाकात कर उन्हें प्रार्थना पत्र सौंपा। इस दौरान बरही के विकास से जुड़ी दो महत्वपूर्ण मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के समक्ष बरही बाईपास निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी। बताया गया कि बरही चौक पर प्रतिदिन लगने वाले जाम के कारण आम लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बढ़ते यातायात और बरही के लगातार विस्तार को देखते हुए बाईपास निर्माण को आवश्यक बताया गया।
इसके अलावा बरही रेलवे स्टेशन पर मुंबई जाने वाली ट्रेन के ठहराव की मांग भी सांसद के समक्ष रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बरही एवं आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग मुंबई आवागमन करते हैं। ट्रेन का बरही में ठहराव होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिल सकती है।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, सांसद मनीष जायसवाल ने दोनों मांगों को गंभीरता से लेते हुए बरही बाईपास निर्माण के संबंध में परियोजना निदेशक, रांची को अग्रेतर कार्रवाई के लिए पत्र लिखा। वहीं मुंबई ट्रेन के ठहराव के मुद्दे पर भी सकारात्मक पहल का भरोसा दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सांसद की ओर से की गई पहल के बाद बरही के लोगों को इन दोनों महत्वपूर्ण मांगों पर आगे सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जगी है।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.