चौपारण में बंद घर चोरों के निशाने पर, धनबाद गए परिवार के घर चोरी
चौपारण (हजारीबाग) : चौपारण थाना क्षेत्र में बंद घरों को चोर लगातार निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला केंदुआ मोड़ के आगे बसरिया रोड का है, जहां भोला चंद्रवंशी के घर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया।
बताया गया कि परिवार के मुखिया के इलाज के सिलसिले में परिजन घर में ताला बंद कर धनबाद गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाया और घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने घर में रखे सामान को खंगाला और सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन एवं नकदी समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
परिजन जब वापस घर पहुंचे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। चोरी में कितने सामान और कितनी नकदी की चोरी हुई है, इसका आकलन परिजनों द्वारा किया जा रहा है।
घटना को लेकर भोला चंद्रवंशी ने चौपारण थाना में लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अज्ञात चोरों का पता लगाकर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
क्षेत्र में लगातार बंद घरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.