पहचान बनाए रखने की जंग, मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर पड़रिया पंचायत भवन में विशेष कैंप
चौपारण (हजारीबाग) : मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत चौपारण प्रखंड की पड़रिया पंचायत भवन में 5 और 6 अक्टूबर को विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में मतदाता सूची से संबंधित दस्तावेजों की जांच, सत्यापन और आवश्यक सुधार को लेकर दिनभर ग्रामीणों की आवाजाही बनी रही। अपने नाम और पहचान को मतदाता सूची में सुरक्षित रखने को लेकर लोगों में भी जागरूकता देखने को मिली।
विशेष कैंप में अंचलाधिकारी संजय यादव स्वयं मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। वहीं मुखिया पप्पू रजक भी कैंप में सक्रिय रूप से जुटे रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की गई।
कैंप में उप मुखिया प्रतिनिधि मृत्युंजय सिंह के साथ पंचायत के सभी बीएलओ, शिक्षक एवं अंचल कर्मी भी कार्य में लगे रहे। शिक्षकों में मनोज कुमार रवि, प्रसादी यादव, पंकज सिंह, कैलाश यादव सहित अन्य कर्मियों ने मतदाताओं से प्राप्त दस्तावेजों का बारीकी से मिलान किया। आवश्यक जांच के बाद संबंधित प्रपत्रों को आगे की प्रक्रिया के लिए अग्रसारित किया गया।
इस दौरान कर्मियों ने मतदाताओं को दस्तावेजों से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी। जिन दस्तावेजों में किसी प्रकार की कमी या त्रुटि पाई गई, संबंधित लोगों को प्रक्रिया के अनुरूप आवश्यक सुधार एवं दस्तावेज उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
अंचलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सही विवरण के साथ दर्ज रखना तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि को दूर करना है। विशेष कैंप के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाकर पुनरीक्षण प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा किया जा रहा है।
पड़रिया पंचायत भवन में आयोजित विशेष कैंप में अधिकारी, बीएलओ, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं अंचल कर्मी पूरी सक्रियता के साथ जुटे रहे। वहीं ग्रामीण भी अपने मताधिकार और पहचान से जुड़े दस्तावेज लेकर कैंप में पहुंचते नजर आए।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.