दशहरा को लेकर बरही में पुलिस-प्रशासन सख्त, होटलों में देर रात चला सर्च अभियान
बरही : दशहरा पर्व को देखते हुए बरही पुलिस-प्रशासन ने नशाखोरी और होटलों में होने वाली कथित अवैध गतिविधियों के खिलाफ निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार की रात करीब 11 बजे एसडीओ जोहान टुडू, एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर एवं बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन की टीम ने गया रोड स्थित होटल सत्यम इन में पहुंचकर सघन जांच-पड़ताल की।
पुलिस टीम ने होटल के कमरों के साथ-साथ आगंतुक रजिस्टर की भी जांच की। जांच के दौरान रजिस्टर में कुछ ऐसी प्रविष्टियां मिलीं, जिनमें ठहरने की अवधि महज दो से तीन घंटे दर्ज थी। वहीं कुछ एंट्रियों में कपल्स के नाम के साथ स्थानीय लोगों के नाम भी दर्ज पाए गए।
एसडीओ जोहान टुडू ने बताया कि होटल के आगंतुक रजिस्टर को जांच के लिए जब्त किया गया है। रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बरही के अन्य होटलों में भी जल्द जांच अभियान चलाया जाएगा। यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर नहीं मिली कोई संदिग्ध गतिविधि
हालांकि पुलिस टीम के होटल पहुंचने के समय कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला और कथित देह व्यापार से जुड़ी किसी गतिविधि की मौके पर पुष्टि नहीं हुई। एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने कहा कि नशाखोरी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। होटलों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस जांच करेगी।
उन्होंने कहा कि होटलों में कथित देह व्यापार जैसी गतिविधियों की शिकायतों को लेकर भी पुलिस सक्रिय है। यदि जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
होटल संचालक ने कहा—मैनेजर को दिए थे स्पष्ट निर्देश
इधर होटल संचालक ने बताया कि होटल में मैनेजर को जिम्मेदारी दी गई है और उसे स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि नहीं होने दी जाए। संचालक के अनुसार, आधार कार्ड की जांच के बाद ही कमरा उपलब्ध कराने का निर्देश मैनेजर को दिया गया था।
संचालक ने यह भी बताया कि पुलिस के होटल पहुंचने के बाद से होटल का मैनेजर गायब है। सुबह नीचे के तल पर स्थित बैंक जाने के लिए उन्हें ताला तोड़ना पड़ा। इसी दौरान जांच में पता चला कि होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क भी पुलिस अपने साथ ले गई है।
फिलहाल पुलिस द्वारा जब्त किए गए रजिस्टर और अन्य सामग्री की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि होटल में दर्ज संदिग्ध प्रविष्टियों के पीछे वास्तविक स्थिति क्या थी। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि दशहरा सहित आगामी पर्वों के मद्देनजर बरही के होटलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और जांच अभियान जारी रहेगा।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.