स्थानीय युवाओं ने तैयार किया पारंपरिक भक्ति एल्बम, ‘छोटी-मोटी दुर्गा मैया’ जल्द होगा रिलीज

बरकट्ठा : कृषि के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखने वाला बरकट्ठा प्रखंड अब कला और मनोरंजन के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है। प्रखंड क्षेत्र के युवा कलाकारों ने आगामी दुर्गा पूजा को ध्यान में रखते हुए पारंपरिक भक्ति गीत पर आधारित एल्बम ‘छोटी-मोटी दुर्गा मैया’ तैयार किया है। स्थानीय कलाकारों का दावा है कि यह एल्बम पारंपरिक गीत-संगीत और स्थानीय संस्कृति का खूबसूरत संगम होगा।

एल्बम में स्थानीय सिंगर शंकर गोस्वामी ने स्थानीय भाषा में भक्ति गीत को अपनी आवाज दी है। वहीं संतोष पांडेय ने गीत लिखा है, जबकि संगीत निर्देशन भावेश पांडेय ने किया है। एल्बम की शूटिंग बरकट्ठा के ग्रामीण इलाकों में की गई है। उभरते फिल्म मेकर अमित राणा ने शूटिंग और एडिटिंग की जिम्मेदारी संभाली है। इसमें सुनीता, शंकर गोस्वामी, संतोष पांडेय सहित अन्य कलाकार नजर आएंगे।

पूरे एल्बम का निर्माण निर्देशक सतीश शीतल के निर्देशन में किया गया है। इसे आगामी दिनों में आरो म्यूजिक सेंटर के माध्यम से रिलीज करने की तैयारी है। कलाकारों ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद एल्बम को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। इसमें कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में नजर आएंगे। कलाकारों ने लोगों से एल्बम को देखने-सुनने के साथ सोशल मीडिया पर लाइक, कमेंट और शेयर कर स्थानीय प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।

रिपोर्टर : गोपाल प्रसाद 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.