पंचायत मुख्यालय से उप स्वास्थ्य केंद्र हटाने का ग्रामीणों ने किया विरोध

हजारीबाग - प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत में प्रस्तावित उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण स्थल को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। गुरुवार को गोविंदपुर में ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत मुख्यालय में प्रस्तावित उप स्वास्थ्य केंद्र को गोविंदपुर से हटाकर सेलहारा खुर्द में निर्माण कराने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों ने इसे गोविंदपुर, चपरी खुर्द और बेलाटांड़ के लोगों के साथ भेदभाव बताया। ग्रामीणों ने बताया कि गोविंदपुर पंचायत मुख्यालय में स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की मांग को लेकर पूर्व में भी अधिकारियों को आवेदन दिया जा चुका है। 8 सितंबर 2025 को अंचल कार्यालय पहुंचकर अंचलाधिकारी को आवेदन दिया गया था। इसके बाद 31 जनवरी 2026 को उप विकास आयुक्त को आवेदन देकर गोविंदपुर में ही स्वास्थ्य केंद्र बनाने की मांग की गई।

ग्रामीणों के अनुसार, इसके बावजूद उन्हें जानकारी मिली कि उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण गोविंदपुर के बजाय सेलहारा खुर्द में कराने का आदेश पारित किया गया है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। 6 अक्टूबर 2026 को गोविंदपुर, चपरी खुर्द एवं बेलाटांड़ के ग्रामीणों ने पुनः उपायुक्त को आवेदन देकर पंचायत मुख्यालय में ही उप स्वास्थ्य केंद्र बनाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गोविंदपुर पंचायत मुख्यालय में निर्माण के लिए निविदा निकाले जाने के बावजूद यदि स्वास्थ्य केंद्र को दूसरे स्थान पर बनाया जाता है, तो वे आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो प्रखंड मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन और अनशन किया जाएगा।

समाजसेवी भुनेश्वर यादव ने कहा कि गोविंदपुर पंचायत मुख्यालय में स्वास्थ्य केंद्र बनने से गोविंदपुर, चपरी खुर्द, बेलाटांड़ समेत आसपास के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। पंचायत मुख्यालय को छोड़कर किसी अन्य स्थल पर निर्माण करना ग्रामीणों के हित में नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर पंचायत मुख्यालय में ही उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की। बैठक में सुरेंद्र साव, सुखदेव ठाकुर, अमित कुमार शर्मा, गोपाल चंद्रवंशी, संजय रजक, मिनहाज अंसारी, अरुण ठाकुर और संदीप सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र पहल करने की मांग की।

रिपोर्टर - अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.