डीएवी बरही के एनसीसी विंग का शानदार प्रदर्शन, छात्राएं प्रथम और छात्र द्वितीय स्थान पर
बरही (हजारीबाग) : डीएवी पब्लिक स्कूल, बरही के एनसीसी विंग ने धनबाद में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। 29 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस शिविर में विद्यालय की छात्राओं ने प्रथम स्थान, जबकि छात्रों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है।
शिविर के दौरान कैडेट्स ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, शारीरिक दक्षता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का परिचय दिया। छात्राओं का प्रथम तथा छात्रों का द्वितीय स्थान प्राप्त करना उनके निरंतर अभ्यास, मेहनत और बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य पुष्प कुमार झा ने सफल कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस तरह की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।
एनसीसी विंग के संचालक वीरेंद्र तिवारी की भी इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन और कैडेट्स की मेहनत से विद्यालय को यह गौरव हासिल हुआ।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी इसी तरह अपनी प्रतिभा और अनुशासन के बल पर विद्यालय तथा देश का नाम रोशन करेंगे। यह उपलब्धि डीएवी पब्लिक स्कूल, बरही की शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्टता की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.