विश्व डाक दिवस पर डाक विभाग के कर्मचारियों को मुकुंद साव ने दी बधाई
चौपारण /हजारीबाग) : विश्व डाक दिवस प्रत्येक वर्ष 9 अक्टूबर को मनाया जाता है। इस अवसर पर मुकुंद साव ने भारतीय डाक विभाग के सभी कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डाक विभाग देशवासियों तक संदेश और जरूरी सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विश्व डाक दिवस 9 अक्टूबर 1874 को स्विट्जरलैंड के बर्न में यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (यूपीयू) की स्थापना के लिए 22 देशों द्वारा समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने की स्मृति में मनाया जाता है। भारत 1 जुलाई 1876 को इस संगठन का सदस्य बना। भारत में डाक व्यवस्था की शुरुआत वर्ष 1766 में हुई थी, जबकि 1 अक्टूबर 1854 को भारतीय डाक विभाग की स्थापना एक विभाग के रूप में हुई।
भारतीय डाक विभाग देश की सबसे पुरानी और व्यापक संचार व्यवस्थाओं में से एक है। इसके माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पत्र, पार्सल, वित्तीय सेवाओं तथा अन्य जरूरी सुविधाओं का संचालन किया जाता है। देश के दूर-दराज के इलाकों तक सेवाएं पहुंचाने में डाक विभाग की भूमिका आज भी महत्वपूर्ण है।
भारतीय डाक विभाग प्रत्येक वर्ष 9 से 14 अक्टूबर तक विश्व डाक सप्ताह मनाता है। इस दौरान डाक सेवाओं के महत्व, उनकी उपयोगिता और आधुनिक समय में उनकी बदलती भूमिका के प्रति लोगों को जागरूक किया जाता है।
मुकुंद साव ने कहा कि तकनीक के विकास के बावजूद डाक विभाग की उपयोगिता बनी हुई है। यह विभाग लोगों को आपस में जोड़ने के साथ-साथ सरकारी एवं वित्तीय सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने डाक विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विश्व डाक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.