पदमा में पुलिस की कार्रवाई, चोरी में इस्तेमाल टेम्पू भी जब्त;तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी

हजारीबाग :पदमा ओपी क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी के दो वाटर पंप मोटर और एक जेट पंप मोटर बरामद किया गया है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे एक टेम्पू को भी जब्त किया है। मामले में संलिप्त तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि 15 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे पदमा की ओर से बिना नंबर का टेम्पू लेकर कुछ लोग चोरी के दो वाटर पंप मोटर के साथ ईटखोरी मोड़ की ओर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक के निर्देश पर पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने ईटखोरी मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान संदिग्ध टेम्पू को रोका। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया।पकड़े गए चालक की पहचान इचाक थाना क्षेत्र के आसिया निवासी विनय प्रसाद मेहता के रूप में हुई। पूछताछ में उसने घटना में चार लोगों के शामिल होने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पदमा के भुइयां टोली निवासी विक्की कुमार (19) को गिरफ्तार किया। विक्की की निशानदेही पर दिलदार मोहल्ला निवासी रंजीत कुमार शर्मा के नवनिर्मित मकान से पांच अक्टूबर को चोरी किया गया एक जेट पंप मोटर बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार, मामले में पदमा ओपी कांड संख्या 369/26, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(2), 317(5) और 3(5) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। छापेमारी दल में पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजेश कुमार हजरा, आशीष कुमार सिंह और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.