बरही में प्रखंड मैदान 50 फीट ऊंचे रावण का दहन, जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा
बरही : बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश लेकर विजयादशमी का पर्व बरही में उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ मनाया गया। बरही प्रखंड मैदान में आयोजित भव्य रावण दहन कार्यक्रम में 50 फीट ऊंचे रावण के साथ 45-45 फीट ऊंचे मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। जैसे ही पुतले आग की लपटों में घिरे, पूरा मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में लोग प्रखंड मैदान पहुंचे।
रावण दहन के दौरान मैदान में उत्सव का माहौल देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में विशेष उत्साह रहा। विजयादशमी के इस आयोजन ने भगवान श्रीराम की विजयगाथा को जीवंत करते हुए लोगों को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
सत्य और धर्म की राह पर चलने का संदेश
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बरही विधायक मनोज कुमार यादव उपस्थित रहे। उनके साथ एसडीओ जोहन टुडू, एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, अंचल अधिकारी चंद्रशेखर कुणाल, थाना प्रभारी विनोद कुमार और विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
इस अवसर पर विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि विजयादशमी केवल पर्व या परंपरा नहीं, बल्कि सत्य, धर्म और न्याय की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम ने अधर्म और अन्याय का अंत कर दुनिया को यह संदेश दिया कि अंततः विजय सत्य और अच्छाई की ही होती है।
उन्होंने कहा कि रावण दहन का वास्तविक अर्थ अपने भीतर छिपे अहंकार, बुराइयों और नकारात्मक विचारों का अंत करना है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाकर ही समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से आपसी एकता और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील भी की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ आयोजन
हजारों लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। प्रखंड मैदान से निकलने वाली गलियों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में मुस्तैद रहे। प्रशासन की निगरानी में रावण दहन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
आयोजन की सफलता में समिति की अहम भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला परिषद प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, पूजा समिति अध्यक्ष किशोरी सिंह, विनय साव, अनुज साव, तापेश्वर साव, मुकेश गुप्ता, रंजीत केसरी, डब्बू केसरी सहित समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रावण दहन के साथ बरही में विजयादशमी का उत्सव उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि अहंकार और अन्याय चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य और सदाचार की ही होती है।'
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.