बरही में 14 स्थानों पर शस्त्र पूजन उत्सव, 112 गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने घोष के साथ किया पथ संचलन

बरही : “हम विजय की ओर प्रतिपल, नित निरंतर बढ़ रहे हैं” के संकल्प के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 101वें विजयादशमी महोत्सव के अवसर पर बरही प्रखंड में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संघ के शताब्दी वर्ष के अंतिम चरण में चलाए गए विशेष शाखा विस्तार अभियान के तहत प्रखंड के 14 स्थानों पर शस्त्र पूजन उत्सव आयोजित किए गए। वहीं, बरही खंड केंद्र में 112 गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने घोष (बैंड) की धुन के साथ नगर के चारों मार्गों पर पथ संचलन कर अनुशासन, संगठन और एकजुटता का संदेश दिया।

नवमी एवं दशमी के अवसर पर विवेकानंद शाखा बरहीडीह, कोयली शाखा धमना, पुरहरा शाखा धमना, विवेकानंद शाखा रसोइया धमना, केशव शाखा करियातपुर, गुडियो-विजैया शाखा तथा शिवाजी व्यवसायी शाखा ब्लॉक मैदान बरही सहित विभिन्न शाखाओं में शस्त्र पूजन उत्सव संपन्न हुआ। कार्यक्रमों में स्वयंसेवकों ने परंपरागत विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया और संघ के विचारों एवं उद्देश्यों पर चर्चा की।

शस्त्र पूजन के साथ राष्ट्र चेतना का संदेश

विभिन्न शाखाओं में आयोजित कार्यक्रमों में सह खंड कार्यवाह सुनील सोनी, शाखा सेवा कार्यकर्ता डॉ. विनोद साव, नगर शारीरिक प्रमुख भानु प्रताप, विहिप जिला कोषाध्यक्ष नंदकिशोर गुप्ता, खंड कार्यवाह संतोष प्रजापति, जिला सह शारीरिक प्रमुख प्रभु राणा तथा विभाग सह कार्यवाह मनोज राणा ने शस्त्र पूजन किया। इस दौरान स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने विजयादशमी के ऐतिहासिक महत्व, राष्ट्रभावना, सामाजिक समरसता और संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला।

विभाग सह कार्यवाह मनोज राणा ने अपने संबोधन में कहा कि विजयादशमी का पर्व विजय, पराक्रम और राष्ट्र चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सनातन दृष्टि हमारी राष्ट्रीय चेतना का आधार है, जिसे आज भारत सहित विश्व के विभिन्न हिस्सों में हिंदू दृष्टि के रूप में जाना जाता है। ‘भा’ अर्थात ज्ञान के प्रकाश में रत होने की भावना भारतीयता की पहचान है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के बाद अब समाज में संगठन, सामाजिक समरसता और पुरुषार्थी भाव को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। संगठित एवं जागरूक समाज के निर्माण से ही राष्ट्र की शक्ति को और सुदृढ़ किया जा सकता है।

शिवाजी शाखा में ईख काटकर हुआ कार्यक्रम का समापन

बरही ब्लॉक मैदान स्थित शिवाजी शाखा में प्रार्थना और विकिर के पश्चात शस्त्र संचालन के प्रतीक स्वरूप तलवार से ईख काटने की परंपरा निभाई गई। इसके साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन में शाखा कार्यवाह सुभाष प्रसाद, त्रिवेणी साव, सुबोध पांडेय, राजेश केशरी, गुरुदेव गुप्ता, बलराम केशरी सहित बड़ी संख्या में गणवेशधारी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन के माध्यम से स्वयंसेवकों ने संगठन की मजबूती, अनुशासन, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

रिपोर्टर : राहुल राणा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.