निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के पालन पर दिया जोर
हजारीबाग : उपायुक्त हेमंत सती ने शनिवार को नवनिर्मित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और अस्पताल में विकसित की जा रही बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल भवन के विभिन्न फ्लोरों पर चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
उपायुक्त ने अस्पताल भवन में फ्लोरिंग,विद्युत वायरिंग, प्लंबिंग सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन संरचनाओं और मरीजों को भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विकसित की जा रही आधारभूत व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संरचना के निर्माण में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सभी कार्यों को पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि अस्पताल में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ और व्यवस्थित होनी चाहिए, ताकि इसके संचालन के बाद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहूलियत हो।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और आपसी समन्वय बनाकर कार्यों को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने के लिए सभी आवश्यक कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाने चाहिए। निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के साथ यह सुनिश्चित करना था कि अस्पताल में विकसित की जा रही सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप हों और भविष्य में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक साबित हों।
रिपोर्टर - मुकेश सिंह

No Previous Comments found.