सुरेखा प्रकाशभाई पब्लिक स्कूल में इंटर हाउस वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न, टैगोर हाउस बना विजेता

चौपारण (हजारीबाग) :  नवभारत जागृति केंद्र द्वारा संचालित सुरेखा प्रकाशभाई पब्लिक स्कूल में शनिवार, 24 अक्टूबर को बालक वर्ग की इंटर हाउस वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। शानदार प्रदर्शन करते हुए टैगोर हाउस ने गांधी हाउस को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या रीना पांडेय ने टॉस उछालकर किया। फाइनल मुकाबला टैगोर हाउस और गांधी हाउस के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।

टैगोर हाउस की ओर से कप्तान अनिमेष सिन्हा के साथ आर्यन कुमार, सुमित कुमार, आदर्श कुमार, मोहम्मद अहमद, अबुशले और प्रभात कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, गांधी हाउस की ओर से लक्की कुमार और आयुष कुमार ने अपने बेहतरीन खेल से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

रोमांचक मुकाबले में टैगोर हाउस ने लगातार तीन सेटों में 25-15, 25-18 और 15-11 से जीत दर्ज कर इस सत्र का विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता में खेल शिक्षक राकेश रौशन ने रेफरी की भूमिका निभाई, जबकि आशुतोष कुमार और उमेश भगत ने स्कोरर के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई। आयोजन को सफल बनाने में अमित कुमार, शैलेन्द्र गुरु, अमृता मैसी, लता कुमारी, पूर्णिमा कुमारी, निखिल कुमार, अजित पांडेय, शंकर सिंह और आशीष पांडेय का सराहनीय योगदान रहा।

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिला। समापन अवसर पर प्राचार्या रीना पांडेय ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.