एसपी ने किया दारू थाना का निरीक्षण
हजारीबाग : हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को दारू थाना का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना में संधारित विभिन्न अभिलेखों और अपराध नियंत्रण से संबंधित संचिकाओं की समीक्षा की गई। साथ ही लंबित कांडों, वारंट और कुर्की से जुड़े मामलों की स्थिति का जायजा लेकर उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।
एसपी ने थाना क्षेत्र में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अवैध मादक पदार्थों से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही क्षेत्र में नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाने को कहा, ताकि लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अवैध बालू, कोयला और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाने को लेकर भी निर्देश दिए गए। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को ऐसी गतिविधियों पर निगरानी रखने और संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने थाना क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। साथ ही अनुसंधान के लिए लंबित सभी कांडों की समीक्षा कर उनका समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया, ताकि मामलों के अनुसंधान में अनावश्यक देरी न हो।
निरीक्षण के दौरान विष्णुगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फौजन अहमद, पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर हजारीबाग मो. अरमानुल हक, दारू अंचल के पुलिस निरीक्षक विमल लकड़ा, थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.