9 हजार रुपये रिश्वत लेते पंचायत सचिव रंगेहाथ गिरफ्तार
हजारीबाग : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केरेडारी प्रखंड की कराली पंचायत के पंचायत सचिव तालेश्वर राम को नौ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पंचायत सचिव पर पीसीसी सड़क निर्माण योजना की शेष राशि के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी की ट्रैप टीम ने बुधवार, 28 अक्टूबर को सुनियोजित तरीके से कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद ब्यूरो की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी हजारीबाग के अनुसार, केरेडारी प्रखंड के केमो गांव निवासी 78 वर्षीय दिगेश्वर पांडेय ने पंचायत सचिव तालेश्वर राम के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 15वें वित्त आयोग की योजना के तहत केमो गांव में कालीकरण पीसीसी रोड से देवी मंडप तक पीसीसी पथ निर्माण की स्वीकृति मिली थी। योजना संख्या 26/2024-25 के तहत इस कार्य की प्राक्कलित राशि 3 लाख 38 हजार रुपये थी। योजना का कार्य अध्यक्ष साधुचरण पांडेय और सचिव दिगेश्वर पांडेय की देखरेख में कराया गया था।
शिकायत में बताया गया कि योजना के तहत करीब 2 लाख 84 हजार रुपये का भुगतान हो चुका था। शेष राशि के भुगतान के लिए जब दिगेश्वर पांडेय ने पंचायत सचिव तालेश्वर राम से संपर्क किया, तो आरोप है कि उन्होंने भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में नौ हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के इच्छुक नहीं थे। इसके बाद उन्होंने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हजारीबाग में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। ब्यूरो की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, तकनीकी यंत्र के माध्यम से किए गए सत्यापन में पंचायत सचिव पर रिश्वत मांगने का आरोप सही पाया गया। इसके आधार पर एसीबी थाना कांड संख्या 11/2026, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। बुधवार को प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में गठित ट्रैप टीम ने पंचायत सचिव तालेश्वर राम को शिकायतकर्ता दिगेश्वर पांडेय से नौ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की इस कार्रवाई से सरकारी योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार और भुगतान के नाम पर रिश्वत मांगने के मामलों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.