लोक लेखा समिति ने की हजारीबाग में विभागीय वित्तीय मामलों की समीक्षा

हजारीबाग : झारखंड विधानसभा की लोक लेखा समिति ने बुधवार को हजारीबाग जिले का दौरा कर विभिन्न विभागों के वित्तीय प्रबंधन और लेखा संबंधी मामलों की समीक्षा की। बरही विधायक एवं समिति के सभापति मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में परिसदन भवन में आयोजित बैठक में सरकारी राशि के उपयोग, लेखा परीक्षण, वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों और लंबित वसूली की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को वित्तीय अनुशासन बनाए रखने और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया।

बैठक में समिति के सदस्य मनोहरपुर विधायक जगत मांझी तथा बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव उपस्थित रहे। समिति ने जिले के वरीय पदाधिकारियों से विभिन्न विभागों के वित्तीय मामलों की विभागवार जानकारी ली। इस दौरान विभागीय आय-व्यय, सरकारी राशि के उपयोग में पारदर्शिता, लेखा परीक्षण, वित्तीय दस्तावेजों के मूल्यांकन तथा वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई।

इसके अलावा प्रपत्र-क के गठन, सरकारी राशि की वसूली, विभागीय कार्रवाई, सर्टिफिकेट केस और नीलामी से जुड़े मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी प्राप्त की गई। समिति ने संबंधित पदाधिकारियों से लंबित मामलों का विवरण लेते हुए उनके निष्पादन की प्रक्रिया और अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की।

समिति ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर लेखा कंडिकाओं की नियमित समीक्षा करें और लंबे समय से लंबित मामलों के निपटारे के लिए प्रभावी कदम उठाएं। वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ सरकारी धन के उपयोग में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में विभागीय वित्तीय प्रबंधन को मजबूत बनाने, लेखा संबंधी आपत्तियों का निर्धारित समयसीमा में निष्पादन करने और वित्तीय नियमों का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। समिति ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी राशि के उपयोग से संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित रखें तथा लेखा संबंधी मामलों में लापरवाही न बरतें।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.