सरदार की दृढ़ता और इंदिरा की दूरदर्शिता भारतीयता की पहचान : प्राचार्य पुष्प कुमार झा
बरही (हजारीबाग) : डीएवी पब्लिक स्कूल, बरही में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर दोनों महान नेताओं के व्यक्तित्व एवं देश के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। विद्यालय में हवन कार्यक्रम के साथ सरदार पटेल के जीवन और विचारों पर आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन हुआ, जिसमें सभी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य पुष्प कुमार झा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की दृढ़ता और इंदिरा गांधी की दूरदर्शिता भारतीयता की पहचान है। सरदार पटेल ने देश की 562 देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि 31 अक्टूबर का दिन इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के रूप में भी याद किया जाता है। उनके नेतृत्व, कूटनीतिक कौशल और देश के प्रति योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उनके कार्यकाल में 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद बांग्लादेश का उदय हुआ।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इन महान नेताओं के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लें। महापुरुषों का जीवन केवल अनुकरणीय ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सही मार्ग दिखाने वाला भी है।
कार्यक्रम का मंच संचालन करते हुए शिक्षक राजेश सिन्हा ने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय भागीदारी रही।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.