पाण्डेयबारा-सेलहारा रोड पर अनियंत्रित बोलेरो ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर

हजारीबाग - चौपारण प्रखंड के पाण्डेयबारा-सेलहारा रोड पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा और साले की मौत हो गई। हादसा अम्बादोहर के समीप हुआ, जहां विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानगढ़ निवासी प्रयाग प्रजापति (53), पिता स्वर्गीय रघुनंदन प्रजापति तथा महाराजगंज निवासी उनके साले जगदीश प्रजापति (55) एक ही बाइक पर सवार होकर अपने रिश्तेदार के यहां श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने चंदवारा जा रहे थे। इसी दौरान अम्बादोहर के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान प्रयाग प्रजापति की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल जगदीश प्रजापति को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया। हालांकि, वहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे जीजा-साले की एक साथ हुई मौत से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

तेज रफ्तार और लापरवाही बनी चिंता का विषय

पाण्डेयबारा-सेलहारा सड़क पर हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

रिपोर्टर - अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.