संदिग्ध पटाखा कारोबार पर जीएसटी की दबिश, बरही के कारोबारी के आवास पर छापेमारी

बरही : दीपावली के मद्देनजर पटाखों की खरीद-बिक्री के बीच संदिग्ध कारोबार की जांच को लेकर जीएसटी विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। सोमवार को बरही में जीएसटी और सेंट्रल एक्साइज, हजारीबाग डिवीजन की संयुक्त टीम ने पटाखा कारोबारी पिंटू गुप्ता के आवास पर छापेमारी कर खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पटाखों के परिवहन और कारोबार से संबंधित कागजात खंगाले।

जानकारी के अनुसार, टीम ने बरही के धनबाद रोड स्थित कारोबारी के आवास पर पहुंचकर जांच शुरू की। यह कार्रवाई उस समय की गई, जब पटाखों की खेप दो टेंपो में लादकर चौपारण होते हुए इटखोरी के रास्ते महाराजगंज ले जाई जा रही थी। अधिकारियों ने दोनों टेंपो को रोककर पटाखों की खरीद-बिक्री से संबंधित जानकारी जुटाई।

बताया जाता है कि पटाखों की खेप महाराजगंज के एक कारोबारी को भेजी जा रही थी। इसी दौरान जीएसटी और सेंट्रल एक्साइज की टीम ने परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की और बाद में बरही स्थित कारोबारी के आवास पर पहुंचकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी।

कारोबारी ने खरीद का पक्का बिल होने का किया दावा

पटाखा कारोबारी पिंटू गुप्ता ने अधिकारियों को बताया कि उन्होंने महाराजगंज के एक पटाखा व्यवसायी को सात पेटी पटाखे दिए थे, जिन्हें दो टेंपो में लादकर ले जाया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि पटाखों की खरीदारी का पक्का बिल उनके पास मौजूद है और संबंधित स्थान से खरीद के दस्तावेज भी उपलब्ध हैं।

हालांकि, अधिकारियों की टीम खरीद-बिक्री के बिल, परिवहन से संबंधित कागजात और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

देर शाम तक जारी रही जांच

जीएसटी और सेंट्रल एक्साइज की संयुक्त टीम की कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। दीपावली के दौरान पटाखों के कारोबार में संभावित कर अनियमितताओं को लेकर विभाग की इस कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों में चर्चा तेज हो गई है।

फिलहाल, मामले में किसी प्रकार की अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विभागीय जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

रिपोर्टर : राहुल राणा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.