एनएच-19 पर कंटेनर की चपेट में आए 75 वर्षीय वृद्ध, दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी
हज़ारीबाग - बरही बरकट्ठा थाना क्षेत्र के घंघरी मेरमगड्डा मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार शाम एक सड़क दुर्घटना में 75 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान मेरमगड्डा गांव निवासी जीवलाल पासवान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कंटेनर की चपेट में आने से उनके दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से परिजन घायल जीवलाल पासवान को बरही अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
निर्माणाधीन एनएच-19 के डायवर्जन बन रहे हादसों का खतरा
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के निर्माण कार्य की धीमी गति और बदहाल डायवर्जन व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि चोरदाहा से बरकट्ठा तक छह लेन सड़क निर्माण का कार्य पिछले लगभग एक दशक से जारी है, लेकिन अब तक इसे पूरी तरह पूर्ण नहीं किया जा सका है। सड़क पर विभिन्न स्थानों पर बन रहे ओवरब्रिज के कारण जगह-जगह डायवर्जन बनाए गए हैं। इन डायवर्जनों की स्थिति काफी खराब बताई जा रही है। ऐसे में भारी वाहनों के साथ-साथ बाइक चालकों और आम राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बदहाल डायवर्जन के कारण लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य कर रही राज केशरी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा सड़क निर्माण में काफी धीमी गति से काम किया जा रहा है। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। लोगों का कहना है कि एनएचएआई को निर्माण कंपनियों की कार्यप्रगति की नियमित समीक्षा करनी चाहिए तथा लापरवाही बरतने वाली कंपनियों पर सख्ती दिखानी चाहिए। यदि निर्माण कार्य समय पर पूरा हो जाए और डायवर्जन की स्थिति में सुधार किया जाए, तो सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
रिपोर्टर - राहुल राणा

No Previous Comments found.