मिरेकल आर्ट चैंप्स–2026 में डीएवी बरही के विद्यार्थियों ने दिखाई अद्भुत कलात्मक प्रतिभा
बरही (हजारीबाग) : डीएवी पब्लिक स्कूल, जीटी रोड, बरही में 21 नवंबर 2026 को आर्गेरिया आर्ट फाउंडेशन (Ageriya Art Foundation) के तत्वावधान में ‘मिरेकल आर्ट चैंप्स–2026’ पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता को तीन समूहों में विभाजित किया गया था। प्रथम समूह में एलकेजी से कक्षा द्वितीय तक के विद्यार्थियों में स्वास्तिक भारती और अलफोज ने क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, द्वितीय समूह में कक्षा तृतीय से पंचम तक की अभिपशा, अवनी गिरी, अक्षरा श्री और अधिश्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। तृतीय समूह में कक्षा षष्ठ से अष्टम तक की सोनाक्षी, नव्या और नायला ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न समूहों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त प्रत्येक समूह में 10 स्वर्ण पदक देने की भी व्यवस्था की गई थी। बच्चों ने रंगों और तूलिका के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को आकर्षक चित्रों में उकेरकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री पुष्प कुमार झा ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि कला बच्चों की कल्पनाशीलता और भावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए कला शिक्षक ललन यादव की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कला और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का सुंदर मंच मिला। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, एकाग्रता, सृजनात्मकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.