जनता से सम्मानपूर्वक पेश आएं पुलिसकर्मी, शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई : एसपी अमन कुमार

हजारीबाग : चौपारण थाना में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने शुक्रवार को थाना पहुंचकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,पुलिस निरीक्षक,थाना प्रभारी एवं विभिन्न कांडों के अनुसंधानकर्ताओं के साथ बैठक कर पुराने एवं नए लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, कांडों के त्वरित निष्पादन और पुलिस पब्लिक संबंध को बेहतर बनाने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने स्पष्ट कहा कि थाना में अपनी फरियाद लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ पुलिसकर्मी प्रेम, विनम्रता और सम्मानपूर्वक व्यवहार करें। शिकायत लेकर आने वाले लोगों को उचित सम्मान के साथ बैठाकर उनकी बात सुनें और समस्याओं का समय पर समाधान करें। आम जनता के साथ दुर्व्यवहार या शिकायत मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने वर्ष 2026 से पूर्व एवं वर्तमान में लंबित सभी कांडों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। थाना में लंबित जमानती एवं गैरजमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती के मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। अफीम की खेती पर रोक लगाने के लिए पिछले वर्ष जिन स्थानों पर खेती हुई थी, वहां संबंधित लोगों को चिह्नित कर विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अफीम की खेती से जुड़े मामलों में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को भी कहा।

एसपी ने संगठित अपराध से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया। वहीं, जमीन विवाद के मामलों की थाना दिवस में समीक्षा कर संबंधित अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करने तथा आवश्यक पत्राचार करने का निर्देश दिया।

बैठक में एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और थाना आने वाले हर व्यक्ति को सम्मान देने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार ऐसा होना चाहिए, जिससे आम लोगों का भरोसा पुलिस पर मजबूत हो।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.