अहरी गांव में पुलिस का जागरूकता अभियान, बच्चों को चिप्स, कुरकुरे, टॉफी, कॉपी-पेन बांटे
हजारीबाग - चौपारण के चोरदाहा पंचायत अंतर्गत अहरी गांव में अफीम की अवैध खेती के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को इसके दुष्परिणामों से आगाह किया। अभियान में हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, कृष्णा गुप्ता सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, मुखिया, वार्ड सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य शामिल हुए।
इस दौरान एसपी अमन कुमार ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि अफीम की खेती केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि समाज, परिवार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि अफीम की खेती से जमीन की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है और कृषि भूमि बंजर होने का खतरा बढ़ता है। नशे का दुष्प्रभाव समाज और परिवार के साथ-साथ गर्भ में पल रहे बच्चों के स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है।
एसपी ने ग्रामीणों से अपील की कि चंद दिनों के आर्थिक लालच में अपनी उपजाऊ जमीन, परिवार और बच्चों का भविष्य दांव पर नहीं लगाएं। अफीम की खेती छोड़कर वैध एवं लाभकारी कृषि कार्य अपनाएं। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
बच्चों के बीच पहुंचे एसपी, बांटी खुशियां
अभियान के दौरान एसपी अमन कुमार का एक अलग और आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने गांव के बच्चों के साथ समय बिताया, उनसे बातचीत की और उनके बीच चिप्स, कुरकुरे, टॉफी, कॉपी एवं पेन का वितरण किया। पुलिस के अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। एसपी ने बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करते हुए बेहतर भविष्य बनाने का संदेश दिया। इस पहल से ग्रामीणों के बीच पुलिस प्रशासन की सकारात्मक और मानवीय छवि भी सामने आई। मौके पर प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से अफीम की खेती से दूर रहने और गांव को नशे के अभिशाप से बचाने में सहयोग करने की अपील की। अभियान के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि गांव का असली विकास अफीम की खेती में नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वस्थ समाज और वैध कृषि में है।
रिपोर्टर - मुकेश सिंह

No Previous Comments found.