चौपारण की हवाओं में घुल रहा जहर! औद्योगिक कचरे के अवैध डंपिंग से बढ़ा प्रदूषण का खतरा

चौपारण (हजारीबाग) :  चौपारण की आबोहवा पर अब प्रदूषण का खतरा मंडराने लगा है। बाहरी क्षेत्रों की फैक्ट्रियों से निकलने वाले गंदे कचरे और औद्योगिक मलवे को चौपारण के विभिन्न इलाकों में बेधड़क फेंके जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि कई स्थानों पर होटलों के आसपास जमीन भराई के नाम पर तथा खुले स्थानों पर इस तरह के कचरे को डंप किया जा रहा है।

स्थानीय स्तर पर इस गतिविधि को लेकर चिंता बढ़ रही है। आशंका जताई जा रही है कि औद्योगिक कचरे में मौजूद धूल, रासायनिक अवशेष और अन्य हानिकारक तत्व मिट्टी, पानी और हवा को प्रदूषित कर सकते हैं। इससे आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। हालांकि, कचरे की वास्तविक प्रकृति और उसमें मौजूद हानिकारक तत्वों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बाहरी क्षेत्रों से आने वाले इस कचरे को चौपारण में किसकी अनुमति से गिराया जा रहा है? क्या संबंधित विभाग को इसकी जानकारी नहीं है या फिर जानबूझकर इस गंभीर मामले की अनदेखी की जा रही है?

*आमजनों से अपील:* जहां भी संदिग्ध औद्योगिक कचरा या मलवा गिराया जा रहा हो, उसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें और बिना जांच के ऐसे स्थानों के आसपास कचरे को छूने या उसके संपर्क में आने से बचें।

*प्रशासन से मांग:* मामले को गंभीरता से लेते हुए डंपिंग स्थलों की जांच कराई जाए, कचरे के नमूने लेकर उसकी प्रकृति की पहचान की जाए तथा अवैध रूप से कचरा गिराने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

विकास के नाम पर चौपारण की आबोहवा और आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इसका खामियाजा आने वाली पीढ़ियों को भी भुगतना पड़ सकता है।

रिपोर्टर : अमित सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.