सवालों की बौछार के बीच विद्यार्थियों ने दिखाया प्रतिभा का दम, भाभा और रमन हाउस बने विजेता

चौपारण :सवालों की बौछार,जवाब देने की होड़ और जीत का उत्साह। कुछ ऐसा ही नजारा शनिवार को ज्ञान कुंज इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में देखने को मिला। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने सामान्य ज्ञान, विषयों की समझ और त्वरित निर्णय क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। चार हाउस की टीमों के बीच हुए रोचक मुकाबले में पहले वर्ग में भाभा हाउस और दूसरे वर्ग में रमन हाउस ने बाजी मारी।

प्रतियोगिता का आयोजन दो वर्गों में किया गया था। पहले वर्ग में कक्षा दो से चार तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसमें कलाम हाउस (ब्लू), भाभा हाउस (ग्रीन), रामानुजन हाउस (रेड) और रमन हाउस (येलो) की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। बेहतर प्रदर्शन करते हुए भाभा हाउस की ग्रीन टीम ने 90 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं रामानुजन हाउस की टीम 80 अंकों के साथ दूसरे, रमन हाउस 55 अंकों के साथ तीसरे और कलाम हाउस 45 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा।
दूसरे वर्ग में कक्षा पांच से सात तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इस वर्ग में रमन हाउस की येलो टीम ने 90 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कलाम हाउस की ब्लू टीम 70 अंकों के साथ दूसरे, रामानुजन हाउस की रेड टीम 50 अंकों के साथ तीसरे तथा भाभा हाउस की ग्रीन टीम 45 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही।पूरी प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सवालों के जवाब देने के लिए टीमों के बीच दिलचस्प प्रतिस्पर्धा रही। विद्यालय के शिक्षकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य चिरंजीत सिन्हा और कोऑर्डिनेटर श्याम सहाय ने विजेता एवं सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों के सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की शक्ति को विकसित करती हैं। ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी मजबूत होती है।उन्होंने बच्चों को नियमित पढ़ाई के साथ-साथ पाठ्येतर गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उत्साह और उमंग के माहौल में प्रतियोगिता का समापन हुआ।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.