रानीचुआं पैक्स की कमान रामप्रसाद यादव के हाथ, 10 निदेशक भी निर्वाचित

बरही :  रानीचुआं बहुउद्देशीय प्राथमिक सहकारी समिति लिमिटेड (पैक्स) को नई प्रबंधकारिणी समिति मिल गई है। 28 नवंबर को संपन्न निर्वाचन प्रक्रिया के बाद रामप्रसाद यादव को समिति का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं, निदेशक पद के लिए 10 अन्य सदस्यों का भी निर्वाचन हुआ। निर्वाचन पदाधिकारी भूपनाथ महतो ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रमाण-पत्र सौंपकर उनके निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा की।

सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, बड़कागांव सह निर्वाचन पदाधिकारी भूपनाथ महतो ने झारखंड सहकारी सोसाइटी नियमावली के निर्धारित प्रावधानों के तहत निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कराई। इसके साथ ही रानीचुआं पैक्स की नई प्रबंधकारिणी समिति में अध्यक्ष समेत कुल 11 सदस्यों का गठन हो गया है।

निदेशक पद पर निर्वाचित सदस्यों में मीला देवी, मीना देवी, सरिता देवी, लीलावती देवी, गुलाबी देवी, बिजन्ती कुमारी, रामसहाय यादव, नरेश टुडू, बासुदेव वास्के एवं शीतल हांसदा शामिल हैं। नई समिति में छह महिलाओं की भागीदारी से सहकारी व्यवस्था में महिला प्रतिनिधित्व को भी मजबूती मिली है।

निर्वाचन के बाद जारी प्रमाण-पत्र की प्रतिलिपि सहायक निबंधक, सहयोग समितियां हजारीबाग अंचल, जिला सहकारिता पदाधिकारी हजारीबाग तथा झारखंड राज्य सहकारी बैंक की बरही एवं हजारीबाग शाखा को आवश्यक जानकारी एवं अभिलेख के लिए भेज दी गई है।

नई प्रबंधकारिणी समिति के गठन के साथ ही अब पैक्स के कामकाज और सहकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के कंधों पर होगी। स्थानीय स्तर पर किसानों और समिति से जुड़े सदस्यों की अपेक्षाएं भी नई टीम से रहेंगी।

रिपोर्टर :  राहुल राणा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.