पर्यावरण संरक्षण पर क्विज में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, डीके ट्रस्ट ने मेधावियों को किया सम्मानित

बरही :  शिक्षा के साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बरही प्रखंड के विजैया पंचायत अंतर्गत गुड़ियो स्थित लिटिल स्टेप बोर्डिंग स्कूल में पर्यावरण विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। एजुकेशनिस्ट फोरम डीके ट्रस्ट के सौजन्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व डीके ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष विनोद पासवान ने किया। मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक कल्याण महासमिति के अध्यक्ष एवं डीके ट्रस्ट सदस्य मो. कैयूम ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाना और जरूरतमंद बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना ट्रस्ट का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभावान बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाकर ट्रस्ट उनके सपनों को साकार करने की दिशा में प्रयासरत है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित पढ़ाई, मेहनत और लगन से ही जीवन में बेहतर मुकाम हासिल किया जा सकता है। विद्यार्थी अच्छी शिक्षा प्राप्त कर अपने माता-पिता का सहारा बनें और समाज के साथ अपने क्षेत्र का नाम रोशन करें।

इस अवसर पर पूर्व मुखिया दशरथ यादव, पूर्व पंचायत समिति सदस्य कांति देवी एवं विद्यालय के निदेशक सुरेश यादव को भी सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में इन विद्यार्थियों ने मारी बाजी

पर्यावरण क्विज प्रतियोगिता में दसवीं कक्षा के आयुष कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं नौवीं कक्षा की आंचल कुमारी एवं वर्षा कुमारी ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। जबकि अंकिता कुमारी, राखी कुमारी एवं आंचल कुमारी को तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में शिक्षक सुमन कुमार, शशि कुमार, सानू कुमार, साहब उद्दीन, विकास कुमार, राहुल कुमार तथा शिक्षिकाएं मुस्कान, सुशील, अंजू, विनीता एवं मीनाक्षी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : राहुल राणा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.