ठंड से बचाव के लिए 50 बिरहोर परिवारों को बांटे गए कंबल

चौपारण :बढ़ती ठंड और शीतलहर के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से रामपुर पंचायत के नावागढ़ में 50 बिरहोर परिवारों के बीच कंबल का वितरण किया गया। झारखंड सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए कंबलों का वितरण पंचायत की मुखिया सुनीता देवी, पंचायत सचिव एवं कल्याण पदाधिकारी अमन कुमार की उपस्थिति में किया गया। कंबल पाकर बिरहोर परिवारों के चेहरे खिल उठे और लोगों ने राहत महसूस की।इस मौके पर मुखिया सुनीता देवी ने कहा कि ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। ऐसे मौसम में गरीब, असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर बिरहोर समुदाय के लोगों को ठंड से बचाने के लिए सरकार की ओर से कंबल उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। जनप्रतिनिधि होने के नाते समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की मदद करना उनकी जिम्मेदारी है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सच्ची जनसेवा है।मुखिया ने कहा कि ठंड के मौसम में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति राहत से वंचित न रहे, इसके लिए पंचायत स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कंबल वितरण से लाभान्वित बिरहोर परिवारों ने खुशी जाहिर करते हुए सरकार और पंचायत प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.