सिंहपुर के आर्यन सिंह ने खेलो झारखंड में जीता गोल्ड मेडल..

चौपारण : प्रखंड के सिंहपुर गांव के लाल आर्यन सिंह ने खेलो झारखंड के तहत आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र, जिला और राज्य का नाम गौरवान्वित किया है। आर्यन ने यह शानदार उपलब्धि धनबाद जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए हासिल की। प्रतियोगिता में उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को बेहतरीन तकनीक और दमदार प्रदर्शन से परास्त किया। आर्यन सिंह, सिंहपुर निवासी एवं सीआरपीएफ में कार्यरत नितेश कुमार सिंह के पुत्र हैं। उनकी इस सफलता से परिवार, मित्रों और पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने मिठाइयाँ बांटकर और ढोल-नगाड़ों के साथ आर्यन का जोरदार स्वागत किया। अब आर्यन 29 अक्टूबर को हरियाणा में होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके कोच ने बताया कि आर्यन एक अनुशासित और परिश्रमी खिलाड़ी हैं, जिनमें भविष्य में भारत का नाम रोशन करने की पूरी क्षमता है। आर्यन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और कोच को दिया है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए पदक जीतना है.....

आर्यन की इस शानदार उपलब्धि पर पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा, “सिंहपुर जैसे छोटे गांव से राज्य स्तर पर गोल्ड जीतना गर्व की बात है। आर्यन ने अपने परिवार, गांव और पूरे जिले का मान बढ़ाया है। ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सरकार और समाज दोनों को सम्मान और सहयोग देना चाहिए,पूर्व विधायक ने आर्यन को भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं और हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.