हाई वोल्टेज पीछा के बाद कार समेत सात लाख की अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
हजारीबाग : अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चौपारण पुलिस को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली है। करीब आधे घंटे तक चले हाई वोल्टेज पीछा के बाद पुलिस ने शराब से लदी एक हुंडई एक्सेंट कार को जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई अवैध अंग्रेजी शराब का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग सात लाख रुपये बताया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बरही की ओर से एक हुंडई एक्सेंट कार (रजिस्ट्रेशन संख्या JH13D-3969) में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर चौपारण होते हुए बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आलोक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बरही अजित कुमार बिमल के निर्देशन में चौपारण थाना गेट के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान बरही की ओर से तेज रफ्तार में आ रही संदिग्ध कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने बेरिकेडिंग तोड़ते हुए वाहन को चतरा मोड़ की ओर भगा लिया। इसके बाद पुलिस बल ने तत्काल वाहन का पीछा शुरू किया। भागने के क्रम में चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए कई छोटी गाड़ियों, टेम्पू और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चतरा मोड़ से यू-टर्न लेकर वाहन चैथी मोड़ होते हुए गांव की ओर भागा और अंततः मनगढ़ के रास्ते महुदी मोड़ पहुंचा, जहां ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। वाहन से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे दो युवकों को सशस्त्र बल की मदद से पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान कार से 06 पेटी रॉयल स्टैग (750 एमएल) – कुल 72 बोतल 05 पेटी किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर (500 एमएल) – कुल 120 कैन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार (19 वर्ष), साकिन परसातरी, थाना चौपारण एवं संदीप पासवान (20 वर्ष), साकिन फुलवरिया, थाना नवलशाही, जिला कोडरमा के रूप में हुई है। इस संबंध में चौपारण थाना कांड संख्या 34/26, दिनांक 05/02/26 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी का आईफोन कहीं गिर गया था, जिसे लेकर उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील की थी। देर शाम थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि उनका आईफोन सुरक्षित मिल गया है। छापामारी दल में थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी सहित चौपारण थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.