हजारीबाग जिले के बड़कागांव में दिनदहाड़े हुई फायरिंग

हजारीबाग :  जिले के बड़कागांव में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में दहशत और तनाव पैदा कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, अज्ञात अपराधियों ने बसरिया मोहल्ला निवासी प्रभु सोनी पर अचानक गोली चला दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया और घायल प्रभु सोनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टर मिट्ठू नाम ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया।बताया जाता है कि प्रभु सोनी बीते कई वर्षों से बर्तन के कारोबार से जुड़े हुए हैं और शांत, सरल तथा मिलनसार स्वभाव के लिए मोहल्ले में जाने जाते हैं। उन पर हुए हमले से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और इलाके में भय का माहौल फैल गया है।

पुलिस घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है। आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है और अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन तथा मानवीय खुफिया तंत्र का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

रिपोर्टर : सुनिल साहू 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.