एनवाईएस इंटरनेशनल एकेडमी में प्रतियोगिताओं का आयोजन
चौपारण : एनवाईएस इंटरनेशनल एकेडमी,बसरिया में विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं बौद्धिक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर स्थित स्कूल हॉल में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य व शिक्षकों की उपस्थिति में हुआ, जिसमें नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।नर्सरी से कक्षा 1 तक के नन्हे बच्चों के लिए “पैक योर बैग” प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने निर्धारित समय में अपने स्कूल बैग को सुव्यवस्थित तरीके से सजाकर अनुशासन, समझ और दैनिक जीवन कौशल का परिचय दिया। वहीं कक्षा 2 से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के बीच“कप के माध्यम से पिरामिड बनाओ प्रतियोगिता कराई गई,जिसमें प्रतिभागियों ने टीमवर्क,संतुलन और एकाग्रता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन,समय प्रबंधन, रचनात्मकता एवं प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया। कड़े मुकाबले के बाद लाल बहादुर शास्त्री हाउस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
शिक्षिका दीपशिखा ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास,अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तक आधारित शिक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देना है। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि आगे भी इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जाएगा,ताकि बच्चे अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखार सकें। अंत में विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को शिक्षकों द्वारा प्रोत्साहित किया गया तथा सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.