राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में चौपारण में सीएसपी बैंक कर्मियों का प्रदर्शन,कार्य रहा ठप..
हजारीबाग : विभिन्न श्रमिक संगठनों के आह्वान पर गुरुवार को राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में चौपारण स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा के सामने सीएसपी बैंककर्मियों व कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया।इस दौरान शाखा का कार्य प्रभावित रहा और अधिकांश बैंकिंग सेवाएं दिनभर बाधित रहीं।प्रदर्शनकारियों ने श्रम संहिताओं को वापस लेने, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों व बीमा कंपनियों के निजीकरण और विनिवेश पर रोक लगाने, आईडीबीआई बैंक की बिक्री का निर्णय वापस लेने तथा बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत एफडीआई बढ़ोतरी रद्द करने की मांग उठाई। साथ ही पर्याप्त स्थायी नियुक्ति, आउटसोर्सिंग व ठेका प्रथा पर रोक, नई पेंशन योजना एनपीएस समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना ओपीएस लागू करने और युवाओं के लिए स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
प्रदर्शन में बैंक कर्मियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि श्रमिक-कर्मचारियों के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल के कारण नकद लेन-देन, पासबुक अपडेट, खाता संबंधित कार्य व अन्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं, जिससे ग्राहकों को असुविधा का सामना करना पड़ा।धरना प्रदर्शन में प्रखर मयूर, प्रखंड अध्यक्ष विष्णु महतो, प्रखंड सचिव मिथलेश कुमार, जगरनाथ राम, सुधीर कुमार, शंभू प्रसाद, बिजॉय यादव, ब्रजेश कुमार, आशीष भगत, गुड़िया कुशवाहा, सोनी कुमारी, मनीषा कुमारी, राजमोहन सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यह आंदोलन मजदूर किसानों और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए किया गया है तथा मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर आगे भी चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।
रिपोर्टर : अमित सिंह


No Previous Comments found.