अवैध बालू तस्करी पर प्रशासन का प्रहार: सिंघरावा से बालू लदा ट्रैक्टर जब्त

हजारीबाग : प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में चौपारण के अंचलाधिकारी (सीओ) संजय कुमार यादव ने औचक निरीक्षण के दौरान सिंघरावा इलाके से अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अवैध रूप से बालू की ढुलाई को लेकर प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सीओ ने टीम के साथ छापेमारी अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान सिंघरावा जीटी रोड पर एक ट्रैक्टर अवैध रूप से बालू का परिवहन करते हुए पाया गया। सीओ संजय कुमार यादव ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर को मौके पर ही जब्त कर चौपारण थाना को सुपुर्द कर दिया। मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन जिला खनन पदाधिकारी को भेज दिया गया है। सीओ ने स्पष्ट कहा कि अवैध बालू तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की टीम लगातार क्षेत्र में नजर बनाए हुए है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन और तस्करी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.