महाराजगंज चौक के पास युवती से छेड़छाड़ की आशंका, बाइक सवार युवक फरार दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे, जांच के बाद ही साफ होगी स्थिति

हजारीबाग : प्रखंड क्षेत्र के महाराजगंज चौक के समीप एक युवती के साथ छेड़छाड़ की आशंका से जुड़ा मामला सामने आया है। घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक युवती महाराजगंज चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक उसके पास पहुंचा। युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने छेड़छाड़ की कोशिश की। युवती ने साहस का परिचय देते हुए अपने बचाव में पत्थर उठाकर विरोध किया। युवती के विरोध को देख बाइक सवार युवक अपनी बाइक वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर युवती के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके पर छोड़ी गई बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि युवक नशे की हालत में था और बाइक अनियंत्रित होकर युवती की ओर बढ़ गई थी। उनका दावा है कि यह छेड़छाड़ की घटना नहीं, बल्कि बाइक के असंतुलित हो जाने से उत्पन्न स्थिति थी। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मामले की वास्तविकता क्या है, यह पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

रिपोर्टर : अमित सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.