आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम: संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति पर विशेष समीक्षा, एनसीडी व शौचालय सूचकांकों में सुधार के निर्देश
चौपारण : प्रखंड कार्यालय में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति को लेकर विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक समाहर्ता-सह-सहायक दंडाधिकारी (प्रशिक्षु) आनंद शर्मा तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश भास्कर ने संयुक्त रूप से की। बैठक में नीति आयोग द्वारा निर्धारित आकांक्षी प्रखंड के विभिन्न सूचकांकों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत गैर संचारी रोग (एनसीडी) के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के रक्तचाप एवं मधुमेह जांच की स्थिति तथा शिक्षा विभाग के अंतर्गत विद्यालयों में छात्राओं के लिए उपलब्ध शौचालयों की व्यवस्था पर गहन चर्चा हुई। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि हजारीबाग के उपायुक्त द्वारा एनसीडी सूचकांकों की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया गया था। इसके मद्देनज़र बैठक में संबंधित सूचकांकों में तेजी लाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। निर्णय लिया गया कि जिन स्वास्थ्य केंद्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ) पदस्थापित नहीं हैं, वहां संबंधित दायित्व एएनएम द्वारा निभाए जाएंगे तथा सभी अभिलेख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौपारण में जमा किए जाएंगे। साथ ही संबंधित कर्मियों को सूचकांकों में अपेक्षित सुधार लाने के लिए 10 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई।
भगहर स्वास्थ्य केंद्र में सीएचओ के स्थानांतरण के बाद उत्पन्न रिक्ति को भरने हेतु प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से सीएचओ एवं एएनएम की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त सभी विद्यालयों में छात्राओं की संख्या के अनुपात में शौचालयों की उपलब्धता का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने को कहा गया, ताकि अनुपयोगी शौचालयों की मरम्मत एवं आवश्यकता अनुसार नए शौचालयों का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सूचकांकों की प्रगति की पुनः समीक्षा अगले सप्ताह की जाएगी। बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डी.एन. ठाकुर, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी राकेश कुमार, एबीएफ नीति आयोग, बीडीएम, सीएचओ, एएनएम, डीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अमित सिंह


No Previous Comments found.