रामनवमी को लेकर प्रशासन सतर्क: चौपारण थाना में अखाड़ा संचालकों संग बैठक, नियमों के पालन का निर्देश

हजारीबाग : आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में चौपारण थाना परिसर में अखाड़ा संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी नीतीश भास्कर ने की। बैठक में रामनवमी के दौरान निकलने वाले जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने अखाड़ा संचालकों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें तथा आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखें।

जुलूस के रूट, समय निर्धारण, डीजे संचालन एवं प्रतिभागियों की संख्या को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि बिना अनुमति जुलूस निकालने या डीजे संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने का निर्देश दिया गया। थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में सभी अखाड़ा समितियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विभिन्न अखाड़ा समितियों के संचालक, पुलिस पदाधिकारी एवं प्रशासनिक कर्मी उपस्थित रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि रामनवमी पर्व को शांति, सुरक्षा और सौहार्द के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

रिपोर्टर :अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.