बिगहा में सातवां हनुमंत वार्षिकोत्सव सह महायज्ञ में उमड़ा आस्था का सैलाब

ध्वजारोहण, गढ़ परिक्रमा व कलश पूजन से हुआ भव्य शुभारंभ

हनुमंत सेवा संस्थान की निष्ठा अनुकरणीय – विधायक मनोज कुमार यादव

क्षेत्र में सनातन धर्म का सशक्त केंद्र बन चुका है संस्थान – महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज

 

चौपारण (हजारीबाग)- प्रखंड के बिगहा स्थित पांच मंदिरों के संगम स्थल हनुमंत मंदिर प्रांगण में रविवार को सातवें हनुमंत वार्षिकोत्सव सह महायज्ञ का भव्य शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धा-भक्ति के वातावरण में हुआ। आयोजन में क्षेत्रभर से सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा, भक्ति और उत्साह से ओतप्रोत नजर आया।

कार्यक्रम की शुरुआत सनातन परंपरा के अनुसार गढ़ स्थल पर विशाल ध्वजारोहण के साथ हुई। इस अवसर पर महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज, मनोज कुमार यादव तथा प्रख्यात विद्वान डॉ. चक्रपाणि जी महाराज सहित कई संत-महात्माओं ने संयुक्त रूप से ध्वज फहराया।

इसके बाद भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। श्रद्धालुओं ने गढ़ की परिक्रमा करते हुए पवित्र जल ग्रहण किया और यज्ञ मंडप में विधिवत स्थापना की। काशी से पधारे यज्ञाचार्य दीपक द्विवेदी के सानिध्य में महायज्ञ संपन्न हो रहा है। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और आहुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। यज्ञ के माध्यम से क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की जा रही है।

पूजन उपरांत आयोजित सम्मान समारोह में हनुमंत सेवा संस्थान के सदस्यों ने उपस्थित संतों एवं विधायक मनोज कुमार यादव का अंगवस्त्र और पुष्पमाला देकर स्वागत किया। विधायक ने कहा कि संस्थान के सदस्यों की निष्ठा और समर्पण अनुकरणीय है। सात वर्षों से निरंतर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाना अत्यंत प्रेरणादायक है।

महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि हनुमंत सेवा संस्थान इस क्षेत्र में सनातन धर्म का सशक्त केंद्र बन चुका है। यहां आयोजित महायज्ञ न केवल धार्मिक चेतना को जागृत करता है, बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक एकता को भी सुदृढ़ करता है।

अतिथियों ने मंदिर परिसर की परिक्रमा कर शिव मंदिर, गढ़काली मंदिर, गढ़वाल बाबा मंदिर, हनुमान मंदिर एवं फलाहारी बाबा के समाधि स्थल पर मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-शांति और विकास की कामना की।

मौके पर विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव, सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साहु, आशीष सिंह, रिशु बरनवाल, रंजीत चंद्रवंशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, जिला परिषद सदस्य राकेश रंजन, राकेश पांडेय, मुखिया जानकी यादव, गंदौरी दांगी, पिंकी देवी, वीरेंद्र राणा सहित आयोजन समिति के अध्यक्ष आनंद चंद्रवंशी, सचिव कुमार राहुल, कोषाध्यक्ष मनीष सिंहा तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग व श्रद्धालु उपस्थित थे।

आयोजन समिति के अनुसार 22 से 28 फरवरी तक प्रतिदिन संध्या में रामलीला, भजन-कीर्तन एवं काव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मेले में झूला, धार्मिक प्रसाद एवं अन्य आकर्षण भी श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रहेंगे।

सात वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह महायज्ञ अब क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। संतों का सान्निध्य, धार्मिक अनुष्ठान और जनसहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाते हैं, जो भक्ति के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को भी सशक्त कर रहा है

संवाददाता -अमित सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.