अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी, पहचान के लिए पुलिस ने मांगी जानकारी
चौपारण/कोडरमा : दिनांक 09 मार्च 2026 को कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत जे.जे. कॉलेज के सामने स्थित होली फैमिली अस्पताल के बाउंड्री वॉल के अंदर से एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार महिला की ऊंचाई लगभग 5 फीट 3 इंच बताई जा रही है। शव की स्थिति में महिला की आंखें बंद और मुंह खुला हुआ पाया गया। महिला के बाल काले रंग के हैं। उसके गले में लाल धागे में ताबीज और मोती की माला पहनी हुई है। बाएं हाथ की कलाई में सफेद रंग का शंख बाला, लाल रंग का बाला तथा नीले रंग का मोती का बैंड मिला है, जबकि दाहिने हाथ की कलाई में भी सफेद रंग का शंख बाला पाया गया। दोनों पैरों में काला धागा और गिलेट की पायल पहनी हुई है।
महिला ने कत्था रंग का ब्रा पहन रखा है तथा दाहिने कान में मोती का टॉप पाया गया है। शव के बगल में गुलाबी रंग का एक समीज सूट भी मिला है, जिसके पीछे लगे स्टीकर पर “MD HANIF DRESSES, XXL” लिखा हुआ है।
इस संबंध में चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त महिला के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी प्राप्त हो तो तुरंत थाना को सूचित करें, ताकि शव की पहचान कर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.