दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरा ट्रेलर — चालक व उपचालक की मौत

चौपारण : चौपारण थाना क्षेत्र के दनुआ घाटी में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे ट्रेलर के चालक और उपचालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर दनुआ घाटी से गुजर रहा था, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे से सीधे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि ट्रेलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक व उपचालक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी अपनी पूरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। वहीं हादसे के बाद दनुआ घाटी क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.