चौपारण में मानवता शर्मसार: मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों से होटलों के साथ-साथ घरों में भी कराया जा रहा काम

हजारीबाग :  प्रखंड क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाली एक गंभीर मामला सामने आ रहा है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के कुछ लाइन होटलों के साथ-साथ कुछ लोग अपने घरों में भी मानसिक रूप से अस्वस्थ और बेसहारा लोगों को रखकर उनसे दिनभर काम करवाने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि ऐसे लोगों से बर्तन साफ करवाने, होटल और घरों की सफाई कराने तथा अन्य छोटे-मोटे काम लिए जाते हैं। आरोप है कि बदले में उन्हें न तो पर्याप्त भोजन दिया जाता है और न ही रहने की समुचित व्यवस्था की जाती है। सूत्रों के अनुसार कई बार इन मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार की घटनाएं भी सामने आती हैं। एक सज्जन व्यक्ति द्वारा भेजी गई कुछ तस्वीरों के आधार पर इस तरह की स्थिति की जानकारी सामने आई है। तस्वीरों को देखने के बाद स्थानीय लोगों में चिंता और नाराजगी दोनों देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए तो कई और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार चौपारण क्षेत्र के कई लाइन होटलों और आसपास के इलाकों में ऐसे मानसिक रूप से अस्वस्थ या बेसहारा लोग दिखाई देते हैं, जिनसे दिनभर काम कराया जाता है। इतना ही नहीं, कुछ लोग उन्हें अपने घरों में भी छोटे-मोटे घरेलू कामों के लिए लगाते हैं, लेकिन बदले में उन्हें सम्मानजनक व्यवहार तक नहीं मिलता। सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति समाज की जिम्मेदारी होते हैं और उनके साथ सहानुभूति तथा मानवीय व्यवहार किया जाना चाहिए। उनसे जबरन काम लेना या उनके साथ दुर्व्यवहार करना कानूनन भी गलत है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अमानवीय घटनाओं पर रोक लग सके।

रिपोर्टर : अमित सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.