चौपारण में अतिक्रमण बन रहा है हादसों का कारण, प्रशासन से कार्रवाई की माँग
हजारीबाग : चौपारण बाजार में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। केन्दुआ मोड़ से लेकर पूरे बाजार क्षेत्र तक कई स्थानों पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर दुकानें चला रहे लोगों के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार में खीरमोहन की दुकान समेत कई दुकानदार सरकारी जमीन पर कब्जा कर बैठे हुए हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्थिति यह है कि चौपारण थाना गेट के सामने तक सड़क किनारे दुकानों का बाजार सजा रहता है, जिससे आम लोगों को खड़े होने तक में परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि कई दुकानदार राहगीरों और ग्राहकों से उलझ भी जाते हैं, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो जाती है। लगातार बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़क पर जाम और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि बाजार क्षेत्र में सुचारू आवागमन बहाल हो सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.