दनुआ घाटी में जाम से राहगीर परेशान दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर निकालने के दौरान धीरे धीरे चल रहा यातायात...
चौपारण : प्रखंड के दनुआ घाटी में शुक्रवार को भीषण जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे से ही घाटी में लंबा जाम लग गया, जिससे सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन कई घंटों तक फंसे रहे। संध्या तक मिली रिपोर्ट के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को निकालने का कार्य जारी रहने के कारण वाहनों का आवागमन धीरे-धीरे कराया जा रहा था।जानकारी के अनुसार चार दिन पूर्व दनुआ घाटी में एक ट्रेलर गहरी खाई में गिर गया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। उसी दुर्घटनाग्रस्त वाहन को घाटी से निकालने के लिए शुक्रवार को भारी मशीनों की मदद से काम किया जा रहा था। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात लगभग ठप हो गया।जाम के कारण घाटी से गुजरने वाले राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोग घंटों तक सड़क पर ही फंसे रहे। छोटे वाहन चालकों को मजबूरी में वैकल्पिक और जोखिम भरे रास्तों की ओर भी रुख करना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि जाम के कारण उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हो रही है।हालांकि शाम तक प्रशासन और संबंधित एजेंसियों द्वारा ट्रेलर को निकालने का काम जारी रहा और वाहनों को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया जा रहा था। लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि ऐसे कार्यों के दौरान पहले से वैकल्पिक मार्ग और उचित सूचना व्यवस्था की जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.