चौपारण में दिनदहाड़े दो बाइक चोरी,पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी.
हजारीबाग : प्रखंड क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे इलाके में लोगों के बीच चिंता बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को चौपारण में अलग अलग स्थानों से दो मोटरसाइकिल चोरी होने की घटना सामने आई है।पहली घटना चतरा जिले के मयूरहंड थाना क्षेत्र अंतर्गत कदगांवा कला पंचायत निवासी यमुना देवी पति स्व. इन्द्रदेव राणा के साथ हुई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार 13 मार्च को करीब 12 बजे दिन में यमुना देवी चौपारण प्रखंड के ग्राम केवलिया स्थित गुप्ता क्लोथ दुकान पर कपड़ा खरीदने आई थीं।उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल रजिस्ट्रेशन संख्या JH02AL 0762,रंग काला दुकान के बाहर ताला लगाकर खड़ी कर दी और खरीदारी करने के लिए अंदर चली गईं।कुछ देर बाद जब वह वापस बाहर आईं तो देखा कि उनकी मोटरसाइकिल वहां से गायब थी।आसपास काफी खोजबीन करने के बावजूद बाइक का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी। पीड़िता ने आशंका जताई है कि अज्ञात चोर उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल ले जाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस ने दोनों युवकों की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं दूसरी घटना चोरदाहा चेकपोस्ट स्थित शुक्रवार बाजार से सामने आई है। यहां बाजार में आए एक व्यक्ति की लाल रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर JH02AN 4392 अज्ञात चोरों ने उड़ा ली। बताया जाता है कि वाहन मालिक शुक्रवार बाजार में आया था और अपनी बाइक खड़ी कर बाजार चला गया। जब वह बाजार से वापस लौटा तो बाइक वहां से गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद भी मोटरसाइकिल का कोई पता नहीं चल सका। खबर लिखे जाने तक इस मामले में थाना में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है।
थाना प्रभारी ने क्या कहा..
चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि बाइक चोरी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक नजर आए हैं। उनकी पहचान के लिए तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गई हैं। पुलिस जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.