रामनवमी जुलूस में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध,उल्लंघन पर होगी जब्ती व कार्रवाई...

हजारीबाग : आगामी रामनवमी पर्व को लेकर चौपारण प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को चौपारण थाना परिसर में अंचलाधिकारी संजय यादव और थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी की अध्यक्षता में डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रामनवमी जुलूस के दौरान चौपारण क्षेत्र में डीजे बजाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। अधिकारियों ने डीजे संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि यदि किसी भी जुलूस में डीजे बजाते हुए पाया गया तो संबंधित डीजे को तत्काल जब्त कर लिया जाएगा और उसके मालिक के खिलाफ विधि संगत कार्रवाई की जाएगी।

अंचलाधिकारी संजय यादव ने कहा कि रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए सभी से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
वहीं थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने कहा कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।तेज ध्वनि वाले डीजे के कारण कई बार अनावश्यक विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिसे देखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि रामनवमी जुलूस में डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा आदेश का उल्लंघन किया गया तो संबंधित डीजे को जब्त कर लिया जाएगा और उसके मालिक के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने सभी डीजे संचालकों से अपील की कि वे रामनवमी जुलूस में डीजे का उपयोग न करें और प्रशासन के आदेशों का सख्ती से पालन करें,ताकि पर्व शांति और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हो सके।

रिपोर्टर : अमित सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.