भगहर में अवैध शराब पर छापेमारी, 500 लीटर स्पिरिट व तैयार शराब बरामद..

हजारीबाग : आगामी रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन के निर्देश पर उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त उत्पाद हजारीबाग के निर्देश पर चौपारण थाना क्षेत्र के ग्राम भगहर स्थित पहाड़ी के पास छापेमारी की गई।छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से करीब 500 लीटर अवैध स्पिरिट और लगभग 108 लीटर तैयार विदेशी शराब बरामद की। इसके अलावा शराब बनाने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की गई। इनमें विभिन्न ब्रांड के ढक्कन, लेबल, रैपर, होलोग्राम, खाली बोतलें और कार्टन शामिल हैं।इस संबंध में अवर निरीक्षक उत्पाद सुमितेश कुमार ने बताया कि रामनवमी को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर भगहर की पहाड़ी के पास छापेमारी की गई, जहां से भारी मात्रा में स्पिरिट और तैयार शराब बरामद हुई। उन्होंने बताया कि इस मामले में भगहर निवासी मुकेश यादव और विकास यादव के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सैयद बशीरुद्दीन, एंथोनी बागे, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह तथा सशस्त्र गृहरक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे।

रिपोर्टर : अमित सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.